x
Politics

दिल्ली चुनाव से पहले AAP को झटके पर झटका, 24 घंटे में 8 विधायकों ने छोड़ी पार्टी: कहा- हाई कमान पूरी तरह भ्रष्ट, लोगों के साथ किया विश्वासघात

  • PublishedFebruary 1, 2025

AAP के 8 विधायकों ने पार्टी छोड़ दी है। इन विधायकों ने आरोप लगाया है कि हाई कमान पूरी तरह से भ्रष्ट है वह भ्रष्टाचार के दलदल में डूब गई है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान से ठीक पहले आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है।
AAP के 8 विधायकों ने पार्टी छोड़ दी है। इन विधायकों ने आरोप लगाया है कि हाई कमान पूरी तरह से भ्रष्ट है वह भ्रष्टाचार के दलदल में डूब गई है।

जिन विधायकों ने AAP छोड़ी है, उनके टिकट इस चुनाव में काट दिए गए थे। पार्टी छोड़ने वालों में महरौली विधायक नरेश यादव, पालम विधायक भावना गौड़, त्रिलोकपुरी विधायक रोहित महरौलिया, कस्तूरबा नगर विधायक मदनलाल, जनकपुरी विधायक राजेश ऋषि, आदर्श नगर विधायक पवन शर्मा, बिजवासन विधायक भूपेन्द्र सिंह जून और मादीपुर विधायक गिरीश सोनी हैं।

इन सभी विधायकों ने शुक्रवार (31 जनवरी, 2025) को एक-एक कर अपने इस्तीफे सौंप दिए। नरेश यादव ने अपने इस्तीफे में लिखा, “AAP का उदय भ्रष्टाचार के खिलाफ हुआ, अन्ना आंदोलन से भारतीय राजनीति से भ्रष्टाचार को मुक्त करने के लिए हुआ था लेकिन अब मैं बहुत दुखी हूँ कि भ्रष्टाचार कम करने के बजाय यह खुद ही इसमें लिप्त हो गई है।”

कुछ ऐसे ही आरोप विधायक राजेश ऋषि ने लगाए। उन्होंने भाई-भतीजावाद का आरोप भी जड़ दिया। वहीं रोहित मेह्रौलिया ने आरोप लगाया कि AAP ने वाल्मीकि समाज के लिए कोई काम नहीं किया और दलितों के साथ भेदभाव किया। वहीं बिजवासन विधायक भूपिंदर सिंह जून ने आरोप लगाया कि अब पार्टी आपराधिक छवि वाले लोगों को टिकट दे रही है।

बाकी विधायकों ने भी कहा कि उन्हें अब AAP और अरविन्द केजरीवाल में कोई विश्वास नहीं रहा है। गौरतलब है कि पार्टी छोड़ने वाले विधायक नरेश यादव पर कुरान की बेअदबी को लेकर भी मुकदमा चल रहा है। AAP छोड़ने वाले विधायकों ने अरविन्द केजरीवाल पर हिटलर की तरह काम करने का आरोप लगाया है।

MLA राजेश ऋषि ने AAP छोड़ने को लेकर कहा, “स्वाति मालीवाल हमारी सांसद हैं, हमारी पुरानी कार्यकर्ता हैं, उनके साथ मारपीट हुई… अरविन्द केजरीवाल का घर टॉर्चर होम रहा है। हमारे सामने चीफ सेक्रेटरी को अरविन्द केजरीवाल के कहने पर मारा गया था।”

वहीं भूपिंदर सिंह जून ने कहा, “हमने टिकट करने के बाद विचार-विमर्श किया और यह निष्कर्ष निकाला कि जिन विचार के साथ AAP आई थी, उनसे यह भटक गई है। ऊपर के 4-5 लोग भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, उनके खिलाफ चार्जशीट तक लग चुकी है, उनकी ही बात केजरीवाल सुनते हैं।”

भावना गौड़ ने कहा कि टिकट कटने को लेकर उन्हें कोई रोष नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल वही देखते हैं, जो उनको कुछ लोग दिखा रहे हैं। भाजपा दिल्ली के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि विधायकों पा पार्टी छोड़ना नहीं बल्कि उन्होंने जो कहा हिया वह ज्यादा महत्वपूर्ण है।

वहीं AAP ने आरोप लगाया है कि इन विधायकों ने किसी दबाव के चलते इस्तीफ़ा दिया है।

Written By
admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *